शिवपुरी। जिले के भौंती थाना क्षेत्र में लाठी-डंडों से पीटकर युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को फरियादी बृजभान लोधी पुत्र बाघराज लोधी उम्र 55 वर्ष निवासी ग्राम भौंती मजरा हम्मीरपुरा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मनोज लोधी, वीर सिंह लोधी और इंद्रपाल लोधी ने उनके बेटे सतेन्द्र लोधी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 361/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 126(2), 296(a) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति एवं एसडीओपी पिछोर प्रमोद शाक्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम भदौरिया ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 नवंबर को ही तीनों आरोपियों मनोज पुत्र सरुराम लोधी (38), इंद्रपाल पुत्र नाथूराम लोधी (38) और वीर सिंह पुत्र सरुराम लोधी (40), निवासी ग्राम नबलपुरा थाना भौंती को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका: थाना प्रभारी घनश्याम भदौरिया, उपनिरीक्षक चेतन शर्मा सहित पुलिस टीम के सदस्यों की इस कार्रवाई में अहम भूमिका रही।
भौंती में लाठी-डंडों से पीटकर युवक की हत्या, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार / Shivpuri News




