,

कुशवाह समाज ने SP को सौंपा ज्ञापन, सीताराम कुशवाह के परिवार पर हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग; आंदोलन की चेतावनी / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम राजा की मुढेरी में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद और दो अलग-अलग मारपीट की घटनाओं के मामले में सोमवार को कुशवाह समाज ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। समाज ने सीताराम कुशवाह के परिवार पर हमला करने के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को पुलिस सुरक्षा देने और एक एफआईआर में आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, सीताराम कुशवाह पुत्र राजाराम कुशवाह की टेकरी स्थित दुकान पर 18 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 से 10 बजे अमन शर्मा, अंकित शर्मा और टीटू शर्मा पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने सीताराम के साथ गाली-गलौज की और अमन शर्मा ने बंदूक से फायर कर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में सिरसौद थाने में 19 अक्टूबर को एफआईआर क्रमांक 0262 दर्ज की गई थी। समाज का आरोप है कि इस प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा नहीं जोड़ी गई।

वहीं, ज्ञापन में दूसरी घटना का उल्लेख करते हुए बताया गया कि 21 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे सीताराम कुशवाह की अनुपस्थिति में उनकी भाभी मिथलेश कुशवाह, रेखा कुशवाह और साले भरत कुशवाह पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला किया गया। आरोप है कि हमले में कुल्हाड़ी से हाथ की एक उंगली कटकर अलग हो गई और सिर में भी गंभीर चोट आई।

कुशवाह समाज का आरोप है कि दूसरे मामले में नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपी पीड़ित परिवार को जान से मारने, गांव से बेदखल करने और दुकानों में दोबारा आग लगाने की धमकियां दे रहे हैं। समाज ने यह भी बताया कि पीड़ित पक्ष द्वारा 28 अक्टूबर को भी पुलिस को आवेदन दिया गया था, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो कुशवाह समाज आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।