शिवपुरी। दिनारा थाना क्षेत्र के ग्राम दवरा में रास्ते से पानी का पाइप हटाने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। वंशकार परिवार के लोगों ने गांव के ही कुछ लोगों पर दो बार हमला करने, महिलाओं सहित परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने, मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित पक्ष ने 2 नवंबर को पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे अभिषेक वंशकार पंचायत भवन के पास किराने की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान उसने निरपत वंशकार से खेत में डले पानी के पाइप को ऊंचा करने की बात कही, ताकि ट्रैक्टर निकल सके। आरोप है कि इस बात पर विवाद हुआ और बाद में निरपत, सहदेव, आनंद, राजेश, आशीष, आकाश और अरविंद सहित अन्य लोग अभिषेक के घर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अभिषेक को बचाने पहुंचीं उसकी भाभी हर्ष कुमारी के सिर पर आनंद ने लोहे की रॉड से वार कर दिया, जिससे वह घायल होकर बेहोश हो गईं। इसके बाद जब परिवार के सदस्य घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने दिनारा थाने जा रहे थे, तब रास्ते में आरोपियों ने उन्हें रोककर लाठी और लुहांगी से मारपीट की। पीड़ितों का आरोप है कि उनकी दोनों मोटरसाइकिलों पर पत्थर पटककर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया गया तथा कृष्णा वंशकार का मंगलसूत्र भी खींच लिया गया। आरोपियों द्वारा रिपोर्ट करने पर जान से खत्म करने की धमकी देने की बात भी आवेदन में कही गई है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी थी, लेकिन दिनारा थाने में उनकी शिकायत के अनुसार पूरी घटना दर्ज नहीं की गई। आवेदन में घायलों को चोटें आने, एक घायल को सिर में टांके लगने और दूसरे के हाथ में फ्रैक्चर होने की बात भी कही गई है।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर नामजद आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
दिनारा के दवरा गांव में वंशकार परिवार पर दो बार हमला करने का आरोप, लाठी-लोहे की रॉड से मारपीट; SP से लगाई न्याय की गुहार / Shivpuri News




