शिवपुरी। शासकीय पीजी महाविद्यालय शिवपुरी में एलएलबी पांचवें सेमेस्टर के छात्र दिलीप जाटव ने कॉलेज परिसर में जातिसूचक गाली-गलौज और बेल्ट से मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। मामले में छात्र ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य कानूनी धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, घटना 29 अक्टूबर की सुबह करीब 11:30 बजे विधि संकाय की लाइब्रेरी में हुई। छात्र का आरोप है कि वहां मौजूद उदय शर्मा ने प्रोफेसर महेश प्रसाद की शिकायत करने की बात को लेकर उसे जातिसूचक शब्द कहे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उसे पकड़कर कमरे से बाहर खींचा और बेल्ट से मारपीट की, जिससे उसकी शर्ट भी फट गई।
छात्र ने अपने आवेदन में प्रोफेसर महेश प्रसाद पर घटना के दौरान मौके पर मौजूद रहने और आरोपी को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। वहीं, पूर्व में प्रोफेसर के खिलाफ सीएम हेल्पलाइन पर की गई शिकायत को प्रोफेसर दिग्विजय सिंह सिकरवार द्वारा कथित रूप से गुमराह कर बंद कराने की बात भी कही है।
दिलीप जाटव के मुताबिक, घटना के बाद उसने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को बुलाया था। इसके बाद वह एफआईआर दर्ज कराने थाना फिजिकल पहुंचा, जहां असिस्टेंट प्रोफेसर मंजू सोनी भी अपना आवेदन देने पहुंची थीं। छात्र का आरोप है कि इसी दौरान प्रोफेसर महेश प्रसाद और प्रोफेसर अनुराधा सिंह ने थाने में पुलिस की मौजूदगी में उसे और मंजू सोनी को क्रॉस केस दर्ज कराने तथा करियर बर्बाद करने की धमकी दी।
छात्र ने थाना फिजिकल पुलिस पर भी आरोप लगाया है कि उसकी शिकायत के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई और न ही मेडिकल परीक्षण कराया गया। उसने दावा किया है कि कॉलेज की लाइब्रेरी और विधि संकाय के सीसीटीवी कैमरों में मारपीट की घटना तथा थाना परिसर के सीसीटीवी कैमरों में कथित धमकी देने की घटना रिकॉर्ड है।
छात्र ने एसपी से कॉलेज और थाना परिसर के सीसीटीवी फुटेज तत्काल सुरक्षित कराकर जांच में शामिल करने, मेडिकल परीक्षण कराने तथा उदय शर्मा, प्रोफेसर महेश प्रसाद, प्रोफेसर अनुराधा सिंह और प्रोफेसर दिग्विजय सिंह सिकरवार के विरुद्ध मामले की जांच कर एससी-एसटी एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की मांग की है।
PG कॉलेज की लाइब्रेरी में बवाल: LLB छात्र को जातिसूचक गाली देकर बेल्ट से पीटने का आरोप, थाने में भी धमकाने की शिकायत / Shivpuri News



