शिवपुरी। जिले की पोहरी तहसील के ग्राम सालोदा में मंदिर और पूजा-अर्चना को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। गांव के ग्रामीणों ने वीरू बाथम और दिनेश जाटव पर शराब पीकर उत्पात मचाने, महिलाओं को परेशान करने, प्राचीन भैरों बाबा मंदिर के पाट तोड़ने और हनुमान जी की पूजा-अर्चना रोकने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में शुक्रवार को ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को सामूहिक आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम सालोदा में पहले अवैध रूप से देशी-विदेशी शराब बेची जा रही थी, जिसे ग्रामीणों ने बंद कराया था। इसके बाद वीरू बाथम पुत्र जालम बाथम और दिनेश जाटव पुत्र रमेश जाटव कथित रूप से शराब पीकर गांव में उत्पात मचाने लगे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दोनों महिलाओं को रास्ते में परेशान करते हैं और विरोध करने पर गाली-गलौज व लड़ाई-झगड़ा करते हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मना करने पर दोनों ने गांव के प्राचीन भैरों बाबा मंदिर के पाट तोड़ दिए और मूर्ति उखाड़ने का प्रयास किया। ग्रामीणों का दावा है कि इस घटना का वीडियो उनके पास मौजूद है। साथ ही गांव के हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना पर रोक लगाने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार पिछले दो दिनों से मंदिर में पूजा बंद है।
मामले को और गंभीर बताते हुए ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों ने मंदिर के पुजारी के घर पहुंचकर धमकी दी कि यदि उन्होंने मंदिर में पूजा की तो उन्हें गोली मारकर जान से खत्म कर दिया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि इस धमकी से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है, जिसे वे पुलिस के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में 27 अक्टूबर को थाना पोहरी में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन आरोप है कि अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी खुलेआम घूमकर उन्हें धमका रहे हैं और हनुमान जी की मूर्ति तोड़ने की बात कह रहे हैं। साथ ही झूठे हरिजन एक्ट के मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
सालोदा में मंदिर को लेकर तनाव: भैरों बाबा के मंदिर के पाट तोड़ने और हनुमान जी की पूजा रोकने का आरोप, पुजारी को गोली मारने की धमकी / Shivpuri News



