शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक 17 वर्षीय छात्रा के साथ सरेराह मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार चार युवक काफी दूर से छात्रा का पीछा कर रहे थे। हॉर्न बजाने और अश्लील कमेंट करने का विरोध करने पर युवकों ने विष्णु मंदिर के पास उसकी स्कूटी में कट मार दिया और फिर चोटी पकड़कर मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, छात्रा रविवार शाम स्कूटी से पुरानी शिवपुरी में अपनी सहेली के घर पढ़ने जा रही थी। इसी दौरान सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड की तरफ से आ रही कार में सवार चार युवक उसका पीछा करने लगे। छात्रा को परेशान किए जाने का आरोप है। विष्णु मंदिर के पास कार सवार युवकों ने उसकी स्कूटी के सामने कट मार दिया।
छात्रा ने विरोध किया तो चारों युवक कार से उतर आए और उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि युवकों ने छात्रा की चोटी पकड़कर उसे पीटा। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी सहेली के साथ भी झूमाझटकी की गई।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप किया और एक युवक को पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य कार लेकर फरार हो गए। पकड़े गए युवक की पहचान पुराना अमोला निवासी बृजेंद्र गुर्जर के रूप में बताई गई है। लोगों ने उसे फिजिकल थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए युवक ने अपने साथियों के नाम बृजमोहन गुर्जर, मोनू चंदेल और विक्रम बुंदेला बताए हैं। वारदात में इस्तेमाल कार विक्रम बुंदेला की बताई जा रही है।
फिजिकल थाना प्रभारी अविनाश राठौड़ ने बताया कि छात्रा की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार तीन आरोपियों और वारदात में इस्तेमाल कार की तलाश की जा रही है।
सहेली के घर जा रही 17 वर्षीय छात्रा को कार सवार युवकों ने घेरा, चोटी पकड़कर पीटा; VIDEO वायरल / Shivpuri News



