,

पोहरी के झिरी गांव में ठाकुर बाबा की मूर्ति तोड़ी, ग्रामीणों ने लगाया जाम / Shivpuri News

शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के ग्राम झिरी में ठाकुर बाबा की मूर्ति क्षतिग्रस्त मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण एकत्रित हो गए और विरोध में सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की समझाइश के बाद जाम खुलवाकर आवागमन शुरू कराया। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम झिरी निवासी नारायण धाकड़ (60) सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे उठकर स्नान करने के बाद ठाकुर बाबा के चबूतरे (छतरी) की साफ-सफाई करने पहुंचे थे। वहां उन्होंने देखा कि ठाकुर बाबा की मूर्ति टूटी हुई थी। मूर्ति के कुछ टुकड़े चबूतरे पर, जबकि कुछ जमीन पर पड़े थे।

नारायण धाकड़ ने तत्काल आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। आवाज लगाने पर सुरेंद्र धाकड़, कल्लाराम धाकड़, गजानंद धाकड़ सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने रात के समय मूर्ति को क्षतिग्रस्त किया है।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध जताया। सूचना पर पहुंची पोहरी थाना पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद करीब आधे घंटे में जाम समाप्त हो गया।

पुलिस ने फरियादी नारायण धाकड़ की रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मूर्ति क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले की जांच कर रही है और संबंधित व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।