,

सिगरेट के 24 रुपये मांगने पर विवाद, आनंद यादव पर दुकानदार को लट्ठ मारकर घायल करने का आरोप / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के बदरवास में सिगरेट के पैसे मांगने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि 24 रुपये की सिगरेट के बदले 15 रुपये फोन-पे करने के बाद बाकी रकम मांगने पर युवक ने दुकानदार के साथ गाली-गलौज की और लट्ठ से हमला कर दिया। हमले में दुकानदार के सिर और दाहिने कंधे में चोट आई है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, फरियादी राजेश रजक (30), निवासी थाने के पीछे बदरवास, कलारी के पास पान-गुटखा की दुकान चलाते हैं। 25 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे बदरवास निवासी आनंद यादव दुकान पर आया और चार सिगरेट मांगीं। राजेश ने सिगरेट के 24 रुपये मांगे, जिस पर आनंद ने फोन-पे के जरिए 15 रुपये दिए। बाकी रुपये मांगने पर विवाद शुरू हो गया।

राजेश का आरोप है कि आनंद यादव ने उनके साथ अश्लील गाली-गलौज की। जब उन्होंने गाली देने से मना किया, तो आनंद ने लट्ठ से उनके सिर और दाहिने कंधे पर हमला कर दिया, जिससे खून निकलने लगा। मौके पर मौजूद राजू रजक और रवि चंदेल ने बीच-बचाव किया।

शिकायत के मुताबिक, जाते समय आरोपी ने दोबारा मिलने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी। फरियादी ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।