,

शिवपुरी के सईसपुरा में महिलाओं का फूटा गुस्सा, बोलीं- पार्षद के घर सड़क-लाइट, हमारी गलियां बदहाल / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के वार्ड क्रमांक 29 के सईसपुरा इलाके में सड़क और मूलभूत सुविधाओं को लेकर महिलाओं ने नाराजगी जताई है। स्थानीय महिलाओं ने भाजपा पार्षद मीना मुकेश बाथम पर वार्ड की अनदेखी करने और गलियों की समस्याओं का समाधान नहीं कराने के आरोप लगाए हैं। महिलाओं का कहना है कि पार्षद के घर के बाहर सीसी सड़क और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था है, जबकि उनके घरों के सामने की गलियां खुदी पड़ी हैं और रात में अंधेरा छाया रहता है।

स्थानीय महिलाओं के मुताबिक, करीब तीन साल पहले पानी की पाइपलाइन डालने के लिए गलियों को खोदा गया था। इसके बाद से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। उनका आरोप है कि खराब सड़क और अंधेरे के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। महिलाओं ने बताया कि सड़क की बदहाली के चलते उनके एक बेटे के हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जिसके इलाज पर करीब 7 हजार रुपये खर्च हुए। उन्होंने राशन कार्ड नहीं बनने की समस्या भी उठाई।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि सड़क और अन्य सुविधाओं की मांग करने पर भी उनकी सुनवाई नहीं होती। उन्होंने वार्ड में सड़क पर अतिक्रमण होने की बात भी कही। रहवासियों का दावा है कि उनके घरों के सामने सड़क और रोशनी की व्यवस्था नहीं है, जबकि पार्षद के घर के बाहर सड़क बन चुकी है। महिलाओं ने पार्षद पर कथित तौर पर वोट खरीदने की बात कहकर काम नहीं कराने का आरोप भी लगाया है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।


वहीं, भाजपा पार्षद मीना मुकेश बाथम ने आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वार्ड की कई गलियों में सड़क निर्माण के प्रस्ताव पास हो चुके हैं और वर्क ऑर्डर भी जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद ठेकेदार करीब तीन साल से सड़क निर्माण का काम नहीं कर रहा है।

पार्षद ने बताया कि उनके घर के बाहर नवरात्रि के दौरान पंडाल लगाया गया था। इसी के चलते ठेकेदार ने उतने हिस्से में सड़क बनाकर काम अधूरा छोड़ दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि उनका मकान करीब 50 साल पुराना है, जिसका हाल ही में दोबारा निर्माण कराया गया है।