,

शिवपुरी में कलेक्टर अर्पित वर्मा की कार्रवाई: विक्रम रावत 6 महीने के लिए जिलाबदर, बन्ना बंजारा को हर सोमवार थाने में हाजिरी के आदेश / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने दो लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। आदेश के तहत एक व्यक्ति को 6 माह के लिए जिलाबदर किया गया है, जबकि दूसरे को आगामी 6 माह तक प्रत्येक सोमवार संबंधित थाने में उपस्थित होकर अपनी गतिविधियों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेंदुआ थाना क्षेत्र के ग्राम डेहरवारा निवासी विक्रम रावत पुत्र गजराज सिंह रावत को 6 माह के लिए जिलाबदर किया गया है। आदेश के तहत वह शिवपुरी जिले के साथ ग्वालियर, अशोकनगर, श्योपुर, मुरैना, दतिया और गुना जिलों की सीमाओं में प्रवेश नहीं कर सकेगा। प्रशासन ने यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के मद्देनजर की है।

इसी प्रकार पोहरी थाना क्षेत्र के नयागांव बरईपुरा निवासी बन्ना पुत्र भूरा बंजारा को आगामी 6 माह तक पुलिस की निगरानी में रहने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश के अनुसार, उसे प्रत्येक सोमवार पुलिस थाना पोहरी में उपस्थित होकर अपनी गतिविधियों की जानकारी थाना प्रभारी को देनी होगी।

जिला प्रशासन का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।