,

भदैया कुंड पर पत्नी और उसके परिचित को बेल्ट से पीटने वाला पति गोविंद आदिवासी गिरफ्तार, मौसेरे भाई राकेश माहौर पर भी केस दर्ज / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के भदैया कुंड पर्यटन स्थल पर महिला और उसके परिचित व्यक्ति के साथ बेल्ट से मारपीट के मामले में फिजिकल थाना पुलिस ने आरोपी पति गोविंद आदिवासी को गिरफ्तार किया है। वहीं, उसकी पत्नी की शिकायत पर गोविंद और उसके मौसेरे भाई राकेश माहौर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर की शाम मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दो व्यक्ति एक महिला और पुरुष के साथ बेल्ट से मारपीट करते दिखाई दे रहे थे। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पीड़ितों को थाने लेकर आई।

महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी **गोविंद पुत्र नारायण आदिवासी, निवासी कठमई, थाना कोतवाली, शिवपुरी** और **राकेश पुत्र ओमप्रकाश माहौर, निवासी फक्कड़ कॉलोनी, थाना फिजिकल, शिवपुरी** के खिलाफ अपराध क्रमांक 229/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296(बी), 115(2) और 3(5) में मामला दर्ज किया।

पुलिस के मुताबिक, महिला सतनवाड़ा थाना क्षेत्र की निवासी है और काम के सिलसिले में अपने परिचित व्यक्ति के साथ शिवपुरी आई थी। महिला और उसके पति गोविंद आदिवासी के बीच पिछले दो महीने से विवाद चल रहा है। इसके चलते महिला अपने मायके में रह रही थी।

आरोप है कि गोविंद ने अपनी पत्नी को परिचित व्यक्ति के साथ देखा तो गुस्से में आकर अपने मौसेरे भाई राकेश माहौर के साथ मिलकर दोनों की बेल्ट से मारपीट कर दी।

पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद गोविंद आदिवासी ने शांति भंग करने का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर 21 अक्टूबर को कार्यपालक दंडाधिकारी के न्यायालय में पेश किया। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।