शिवपुरी। शहर के प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल भदैया कुंड पर मंगलवार दोपहर एक महिला और उसके दोस्त के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के पति गोविंद ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर दोनों की बेल्टों से पिटाई की। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, पूजा मंगलवार को अपने दोस्त के साथ भदैया कुंड घूमने पहुंची थी। इसी दौरान उसका पति गोविंद वहां मिल गया। पत्नी को दूसरे युवक के साथ देखकर वह नाराज हो गया। आरोप है कि इसके बाद गोविंद और उसके चचेरे भाई ने महिला के दोस्त के पैर बांध दिए और दोनों की बेल्टों से पिटाई कर दी।
घटना के सामने आए वीडियो में दो युवक एक महिला और एक युवक को बेल्टों से पीटते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को फिजिकल थाने ले गई।
बताया गया है कि पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जिसके चलते महिला कुछ दिनों से अपने मायके में रह रही थी। मंगलवार को भदैया कुंड पर आमना-सामना होने के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गई।
फिजिकल थाना प्रभारी अवनीश सिंह राठौड़ के मुताबिक, महिला की शिकायत पर गोविंद के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। साथ ही शांति भंग के मामले में बुधवार को उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
भदैया कुंड पर महिला और उसके दोस्त की बेल्टों से पिटाई, वीडियो वायरल; पति के खिलाफ केस दर्ज / Shivpuri News




