,

कलेक्टर अर्पित वर्मा की तस्वीर के साथ बैनर पर लिखा “11 सालों से हमको रास्ते का न्याय नहीं मिला, कलेक्टर साहब हमको न्याय दो” / Shivpuri News

शिवपुरी। कोलारस नगर के वार्ड क्रमांक 12 स्थित चंदेरी की पोर रामलीला मैदान क्षेत्र में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण और आम रास्ता बंद किए जाने का मामला सामने आया है। रास्ते की समस्या से परेशान वार्डवासी बैनर लेकर शिवपुरी कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई। वार्डवासियों के बैनर पर कलेक्टर अर्पित वर्मा की तस्वीर के साथ लिखा था— *“11 सालों से हमको रास्ते का न्याय नहीं मिला है, कलेक्टर साहब हमको न्याय दो।”*

वार्डवासियों ने कलेक्टर के नाम आवेदन देकर सर्वे नंबर 1044, 1045, 1083 एवं मंदिर डोली की भूमि पर कथित अवैध निर्माण की निष्पक्ष जांच कराने और बंद किए गए आम रास्ते को फिर से खुलवाने की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कल्याण दास बैरागी, पंचायत सचिव राजेश त्यागी और दिनेश त्यागी द्वारा कथित रूप से सांठगांठ कर शासकीय भूमि पर रातोंरात निर्माण कार्य कर अतिक्रमण किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, संबंधित भूमि को लेकर पहले भी रास्ते का विवाद रहा है, लेकिन इसके बावजूद आम रास्ता बंद कर दिया गया है।

वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि रास्ता बंद करने का विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। आवेदन में यह भी कहा गया है कि नगर परिषद, तहसील और पुलिस स्तर पर अतिक्रमण रोकने के प्रयासों के बावजूद दूसरी पट्टे की रजिस्ट्री का हवाला देकर निर्माण कार्य जारी रखा जा रहा है।

वार्डवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर शासकीय भूमि पर हो रहे कथित अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाया जाए। साथ ही, नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाकर आम रास्ते को बहाल किया जाए। शिकायतकर्ताओं ने संबंधित लोगों के खिलाफ जांच के बाद दंडात्मक कार्रवाई की मांग भी की है।