,

गुरु नानक इंटरनेशनल स्कूल में 30 फीट ऊंचे रावण का दहन, ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंजा परिसर / Shivpuri News

शिवपुरी। गुरु नानक इंटरनेशनल स्कूल, शिवपुरी में शनिवार को असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक भव्य रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लगभग 30 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। पुतले के धू-धू कर जलते ही विद्यार्थियों ने ‘जय श्रीराम’ के जयघोष लगाए, जिससे पूरा विद्यालय परिसर राममय हो गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर उन्हें भगवान श्रीराम के आदर्शों, सत्य, मर्यादा, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई। साथ ही रावण दहन के सांस्कृतिक और नैतिक महत्व से भी परिचित कराया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 30 फीट ऊंचा रावण का पुतला रहा, जिसे विद्यालय के आर्ट टीचर अमान राज खान ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मकता से तैयार किया था। पुतले की आकर्षक बनावट ने विद्यार्थियों का ध्यान खींचा और उनकी कला की सराहना की गई।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन महेंद्र सिंह अरोरा, डायरेक्टर महिपाल अरोरा और प्राचार्य कीर्ति चावला सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों के साथ इस सांस्कृतिक आयोजन में सहभागिता की और भारतीय संस्कृति के जीवन-मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि रावण दहन केवल एक पुतले को जलाने की परंपरा नहीं, बल्कि अहंकार, क्रोध, लोभ, अन्याय और अधर्म जैसी बुराइयों पर विजय का प्रतीक है। ज्ञान और सामर्थ्य तभी सार्थक हैं, जब उनके साथ विनम्रता, मर्यादा और सदाचार भी हों।

‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी जयघोष और विद्यार्थियों के उत्साह के बीच कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजन ने बच्चों को भारतीय संस्कृति से जोड़ते हुए सत्य की विजय और अहंकार के पतन का प्रेरक संदेश दिया।