,

महादेव घाटी के जंगल में छुपा कर रखी थीं 7 चोरी की बाइक, बैराड़ TI सुरेश शर्मा ने 8 लाख के माल सहित आरोपी गिरफ्तार / Shivpuri News

शिवपुरी। खबर बैराड़ थाना क्षेत्र से है जहां पुलिस को वाहन चोरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बैराड़ सहित भटनावर, विजयपुर, कैलारस और सबलगढ़ से चोरी हुई 7 मोटरसाइकिलें बरामद करते हुए 8 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है, साथ ही मामले में एक शातिर आरोपी और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार बैराड़ निवासी फरियादी सुशील धाकड़ और कल्याण प्रजापति ने अपनी मोटरसाइकिलें चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद बैराड़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। 17 अक्टूबर की शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने ककरई तिराहा के कच्चे रास्ते से शिवपुरी की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ककरई तिराहे पर चेकिंग लगाकर धौरिया की तरफ से आ रहे दो संदिग्धों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में प्रताप उर्फ गूंगा पुत्र लक्ष्मण यादव (निवासी ककरई) और एक बाल अपचारी (निवासी खोरा, थाना पहाड़गढ़, मुरैना) शामिल हैं, जिनके कब्जे से चोरी की दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने अन्य थाना क्षेत्रों से चुराई गई 5 और मोटरसाइकिलों को महादेव घाटी के जंगल में छिपाकर रखा है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जंगल से अपाचे, पल्सर और हीरो की अन्य गाड़ियां भी बरामद कर लीं, जिनकी कुल कीमत लगभग 8 लाख रुपये है।

जब्त वाहनों में दो गाड़ियों के नंबर (MP33ZM8575 और MP33MZ9851) हैं, जबकि बाकी 5 गाड़ियां बिना नंबर की हैं। पुलिस पूछताछ में इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं, जिन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल, आरोपी और बाल अपचारी को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इस पूरी कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश शर्मा, सउनि हरिओम पाण्डेय, सउनि केदार सिंह, प्र.आर. इकबाल अहमद, गिर्राज मीणा, राहुल सिंह, आरक्षक अतर सिंह रावत, ज्ञान सिंह रावत, रविन्द्र धाकड़, संदीप राठौर, वीरेन्द्र धाकड़, धर्मपाल धाकड़, धर्मेन्द्र रावत और चालक आरक्षक मनीष परिहार की सराहनीय भूमिका रही।