,

शिवपुरी में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, प्रिंस अग्रवाल, अनवर और निजाम शाह गिरफ्तार; 7 लाख की 10 मोटरसाइकिलें बरामद / Shivpuri News

शिवपुरी। शिवपुरी की कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपी प्रिंस अग्रवाल (25 वर्ष), निवासी विवेकानंद चौराहा, मगरौनी, थाना नरवर, अनवर (35 वर्ष), निवासी तलैया मोहल्ला, पुरानी शिवपुरी, निजाम शाह (30 वर्ष), निवासी बस स्टैंड, तलैया मोहल्ला, निजामपुर मगरौनी, थाना नरवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें जेल भेज दिया गया।

घर के अंदर से चोरी की थी अपाचे बाइक

पुलिस के अनुसार, न्यू पुलिस लाइन, रेलवे स्टेशन रोड निवासी भूरा रावत ने 13 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर के अंदर से अपाचे मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए हैं। मामले में कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 797/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति और नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे ने आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की।

पुराने टोल टैक्स के पास पकड़ाए आरोपी

15 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि तीन व्यक्ति ग्वालियर बायपास रोड स्थित पुराने टोल टैक्स के पास अपाचे मोटरसाइकिल बेचने की बात कर रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने रेलवे स्टेशन रोड के पास एक घर से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अलग-अलग स्थानों से कुल 10 मोटरसाइकिलें चोरी करना बताया। उनकी निशानदेही पर रेलवे स्टेशन रोड स्थित लंबे समय से बंद शारदा सॉल्वेंट प्लांट से 8 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस ने कुल 10 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।