शिवपुरी जिले के पिछोर में खाद गोदाम का ताला तोड़कर खाद की बोरियां चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई खाद की 96 बोरियां और एक स्वराज 735 ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की है। बरामद माल की कुल कीमत करीब 7 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
रात में शटर तोड़कर चोरी की थी खाद
पुलिस के अनुसार, गणेश चौक पिछोर निवासी शिवांगी भट्ट गल्ला मंडी स्थित खाद गोदाम में सहायक प्रबंधक हैं। उन्होंने 9 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि 7 अक्टूबर की शाम गोदाम में ताला लगाकर घर चली गई थीं। अगले दिन 8 अक्टूबर की सुबह जब गोदाम पहुंचीं तो शटर का ताला टूटा मिला और खाद की बोरियां गायब थीं।
शिकायत के अनुसार, गोदाम से टीएसपी खाद की 88 बोरियां, कोरोमंडल 20.20.0.13 की 21 बोरियां और यूरिया की 10 बोरियां चोरी हुई थीं। पुलिस ने अपराध क्रमांक 463/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और पूछताछ से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और एसडीओपी पिछोर प्रमोद शाक्य के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज और लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को कमल सिंह उर्फ कल्लू की संलिप्तता के संबंध में जानकारी मिली।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में कमल सिंह उर्फ कल्लू ने बताया कि 7 अक्टूबर की रात वह अपने साथियों के साथ खाद गोदाम पहुंचा था। वहां शटर तोड़कर खाद की बोरियां निकाली गईं और ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ग्राम नगरेला निवासी मेहरबान के यहां ले जाई गईं। पुलिस ने मेहरबान के कब्जे से खाद की बोरियां और ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की।
इस कार्रवाई में पिछोर थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह सहित उपनिरीक्षक रामकिशोर जोशी, सहायक उपनिरीक्षक अरविंद सगर, परमाल सिंह और पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।



