,

पति से माफी मंगवाने के लिए कुएं में कूदी महिला, आधे घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के सहरिया गांव में पति-पत्नी के विवाद का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बुधवार दोपहर मामूली कहासुनी के बाद एक महिला स्कूल के पास बने गहरे कुएं में कूद गई। महिला को बचाने के लिए पति ने तत्काल कुएं में रस्सी डाली, लेकिन महिला बाहर निकलने को तैयार नहीं हुई।

महिला ने शर्त रखी कि जब तक उसका पति ग्रामीणों के सामने हाथ जोड़कर माफी नहीं मांगेगा, तब तक वह कुएं से बाहर नहीं निकलेगी। करीब आधे घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद पति ने ग्रामीणों के सामने कान पकड़कर और हाथ जोड़कर माफी मांगी। इसके बाद महिला शांत हुई और कुएं से बाहर निकल आई।

ग्रामीणों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। ग्रामीणों का आरोप है कि पति कई बार घर के दरवाजे पर बाहर से ताला लगा देता था। इसी बात से नाराज होकर महिला ने कुएं में छलांग लगा दी। हालांकि, विवाद के कारणों को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत पुष्टि नहीं की गई है।

दिनारा थाना प्रभारी रवींद्र कुशवाहा ने बताया कि फिलहाल महिला या उसके परिवार की ओर से थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। यदि महिला या उसके परिजन शिकायत लेकर आते हैं, तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।