,

कृषि भूमि की रजिस्ट्री नहीं होने पर विवाद, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप; हिमांशु गुप्ता ने एसपी से लगाई गुहार / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के पिछोर तहसील के ग्राम बदरवास में कृषि भूमि की रजिस्ट्री नहीं कराने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। ग्राम बदरवास निवासी हिमांशु गुप्ता ने करैरा निवासी प्रदीप गुप्ता और संजय गुप्ता सहित चार लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट करने, मोबाइल फोन तोड़ने और राजीनामा के लिए दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने 15 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन के अनुसार, हिमांशु गुप्ता पुत्र अशोक कुमार गुप्ता निवासी ग्राम बदरवास ने प्रदीप गुप्ता और संजय गुप्ता पुत्रगण स्वर्गीय रामस्वरूप गुप्ता निवासी करैरा से बदरवास क्षेत्र में कृषि भूमि खरीदी थी। आवेदक का दावा है कि भूमि के सौदे के एवज में उसने एक लाख रुपये एडवांस के रूप में दिए थे, लेकिन इसके बावजूद संबंधित लोगों ने भूमि की रजिस्ट्री नहीं कराई।

हिमांशु गुप्ता ने आरोप लगाया है कि 13 सितंबर 2026 को जब उसने भूमि की रजिस्ट्री कराने की बात कही, तो प्रदीप गुप्ता ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर प्रदीप गुप्ता सहित हर्ष गुप्ता, राजेश गुप्ता और प्रखर गुप्ता ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक, घटना की शिकायत लेकर वह पिछोर थाने पहुंचा, लेकिन उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उसका आरोप है कि पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर उसे थाने से वापस भेज दिया। उसने यह भी बताया कि उसकी मां ने पूर्व में 16 सितंबर 2025 को भी आवेदन दिया था, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।


हिमांशु गुप्ता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि संबंधित लोग उस पर राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं। राजीनामा नहीं करने पर उसे और उसके परिवार को झूठे मामलों में फंसाने तथा जान से खत्म करने की धमकी दी जा रही है। आवेदक का यह भी दावा है कि घटना के करीब पांच घंटे बाद उसके विरुद्ध पिछोर थाने में आवेदन दिया गया, जिसके जरिए उस पर दबाव बनाने की कोशिश की गई।

हिमांशु ने संबंधित लोगों को धनबल और राजनीतिक प्रभाव वाला बताते हुए आरोप लगाया है कि इसी कारण उसकी शिकायत पर उचित सुनवाई नहीं हो रही है। उसने कहा कि धमकियों के चलते वह और उसका परिवार भयभीत हैं।


पुलिस अधीक्षक को सौंपे आवेदन में हिमांशु गुप्ता ने पूरे मामले की जांच कर संबंधित लोगों के विरुद्ध उचित दंडात्मक कार्रवाई करने, एफआईआर दर्ज कराने और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।