शिवपुरी। शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने पर प्रशासन ने पटवारी राघवेंद्र भार्गव के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कोलारस द्वारा यह कार्रवाई की गई है। पटवारी को तहसील कोलारस के पटवारी हल्का नंबर 160 डंगौरा का प्रभार संभालने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उन्होंने अब तक प्रभार ग्रहण नहीं किया।
प्रशासन के अनुसार, पटवारी द्वारा प्रभार नहीं लेने के कारण संबंधित हल्के में शासन के कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे थे। इनमें गिरदावरी कार्य, फार्मर रजिस्ट्री, सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरण, शासकीय वसूली और स्वामित्व योजना के तहत ई-केवाईसी की प्रक्रिया शामिल हैं।
शासकीय आदेश के बावजूद प्रभार ग्रहण नहीं करने और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने के मामले में पटवारी राघवेंद्र भार्गव को मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 तथा मध्य प्रदेश शासकीय सेवक अस्थायी सेवा नियम, 1960 के तहत निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान पटवारी राघवेंद्र भार्गव का मुख्यालय तहसील कार्यालय रन्नौद निर्धारित किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई को शासकीय कार्यों में लापरवाही के प्रति सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है।




