शिवपुरी। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भौंती थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब का परिवहन कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से स्विफ्ट डिजायर कार और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 3 लाख 36 हजार रुपये का माल जब्त किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर भौंती पुलिस ने पनरिया नाथ मंदिर के पास खोड़-बीरा रोड पर वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान सिल्वर रंग की स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक DL8CW2102 को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिग्गी में रखी दो प्लास्टिक की कैनों से करीब 80 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब बरामद हुई। शराब के परिवहन से संबंधित वैध लाइसेंस मांगे जाने पर आरोपी प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने कार चालक सुरेंद्र कुशवाह पुत्र गुलाब सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी निजामपुर मगरौनी, थाना नरवर; भोलू उर्फ कमलेश पाल पुत्र अंगद पाल, उम्र 22 वर्ष, निवासी निजामपुर मगरौनी, थाना नरवर; और अरविंद परिहार पुत्र किशनलाल, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम दविया गोविंद, मजरा किरउआ झोरा, थाना भौंती को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो कैनों में भरी 80 लीटर कच्ची शराब, जिसकी कीमत 16 हजार रुपये बताई गई है, स्विफ्ट डिजायर कार कीमती 3 लाख रुपये और तीन मोबाइल फोन कीमती 20 हजार रुपये जब्त किए। जब्त माल की कुल कीमत 3 लाख 36 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में थाना भौंती में अपराध क्रमांक 527/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में प्रकरण दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भौंती निरीक्षक घनश्याम भदौरिया, प्रधान आरक्षक भीकम सिंह, प्रधान आरक्षक अभयराज सिंह, आरक्षक बृजेश राणा, आरक्षक राजेश आदिवासी और आरक्षक पुष्पेंद्र चौहान की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।




