,

दूध देने आता था, भाई माना और राखी बांधी… ब्याज पर पैसे लगाने का लालच देकर 3 लाख की ठगी का आरोप, महिला पहुंची एसपी के पास / Shivpuri News

शिवपुरी। दूध देने आने वाले व्यक्ति को भाई मानकर राखी बांधना और उस पर भरोसा करना फतेहपुर निवासी उमा धाकड़ को भारी पड़ने का आरोप है। महिला ने ग्राम ठर्री निवासी जण्डेल यादव के खिलाफ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर 3 लाख वापस दिलाने और उचित कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि उसे ब्याज पर पैसे लगाने का लालच देकर रकम ली गई, लेकिन अब रुपये वापस नहीं किए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, करीब पांच महीने पहले जण्डेल यादव ने उससे 3 लाख लिए थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि ब्याज के जरिए रकम बढ़ाने की बात पर उसने पैसे दिए थे, लेकिन अब जब वह अपनी राशि वापस मांग रही है, तो संबंधित व्यक्ति पैसे लौटाने से इनकार कर रहा है।

शिकायत के मुताबिक, जण्डेल यादव महिला के घर दूध देने आता था। इसी दौरान महिला उसे भाई मानने लगी और उसे राखी भी बांधती थी। रिश्ते में भरोसा होने के कारण महिला ने उसे पैसे दिए थे। अब रकम वापस नहीं मिलने पर उसने पुलिस से मदद मांगी है।

उमा धाकड़ ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि रुपये वापस मांगने पर जण्डेल यादव उसके साथ गाली-गलौज करता है और जान से मारने की धमकी देता है। महिला ने पुलिस अधीक्षक से मामले की सुनवाई कर 3 लाख वापस दिलाने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।