,

गोवर्धन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 70 हजार की 700 फीट कॉपर केबल चोरी का खुलासा, आरोपी करन पुरी 12 घंटे में गिरफ्तार / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर कार्रवाई करते हुए गोवर्धन थाना पुलिस ने गाजीगढ़ क्रेशर प्लांट से चोरी हुई करीब 70 हजार रुपये कीमत की 700 फीट कॉपर वायर केबल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के 12 घंटे के भीतर चोरी का माल बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को गाजीगढ़ क्रेशर प्लांट पर लगी पानी की मोटर की कॉपर वायर केबल चोरी होने की शिकायत अंशु तिवारी निवासी ग्राम महमूदपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी गाजीगढ़ क्रेशर प्लांट ने गोवर्धन थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 99/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति और एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 9 अक्टूबर को आरोपी करन पुरी पुत्र मंगीपुरी, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम गिरवानी, थाना गोवर्धन को गिरवानी घाटिया के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से चोरी गई कॉपर वायर केबल बरामद कर जब्त की गई। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जारी जेल वारंट के पालन में उसे पोहरी जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में गोवर्धन थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सौरभ तोमर, प्रधान आरक्षक रवि कन्नौजी, प्रधान आरक्षक अनिल कुमार, आरक्षक शैलेन्द्र धाकड़ और आरक्षक शिवराज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।