,

मंदिर में शादी कर SP से मांगी सुरक्षा, अब मां ने बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का लगाया आरोप; मामले में नया मोड़ / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले में जीतू केवट और निशि सेन के विवाह को लेकर अब दो अलग-अलग पक्ष सामने आए हैं। एक ओर प्रेमी युगल ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है, वहीं दूसरी ओर निशि की मां दीप्ति सेन ने अपनी बेटी को डरा-धमकाकर साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए उसे सुरक्षित बरामद कराने की मांग की है।

जीतू केवट और निशि की ओर से दिए गए शपथपत्र के अनुसार, दोनों की मुलाकात करीब दो साल पहले स्कूल में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। युगल का दावा है कि उन्होंने 21 अगस्त 2026 को करेरा के बगीचा सरकार मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया और पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे हैं।

वहीं, 9 अक्टूबर को निशि की मां दीप्ति सेन ने पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया को आवेदन देकर आरोप लगाया कि 29 सितंबर को जीतू केवट उनकी बेटी को डरा-धमकाकर अपने साथ ले गया। मां ने यह भी दावा किया कि उन्होंने पहले थाना भौंती में शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। आवेदन में उन्होंने अपने 16 वर्षीय बेटे को फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया है।

दीप्ति सेन ने बेटी की सुरक्षित बरामदगी, परिवार को सुरक्षा देने और मामले में नामजद अन्य लोगों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।