,

शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायल ने SP से लगाई गुहार: लाठी से सिर पर जानलेवा हमले का आरोप, हाथ में दो जगह फ्रैक्चर; आरोपी पर राजीनामे का दबाव और धमकी देने का दावा / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के ग्राम पटेरी निवासी सुरेश केवट ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और दर्ज प्रकरण में धाराएं बढ़ाने की मांग की है। आवेदन के अनुसार, सुरेश केवट का मेडिकल कॉलेज शिवपुरी में इलाज चल रहा है और उनके बाएं हाथ में दो जगह फ्रैक्चर हुआ है।

सुरेश केवट ने आरोप लगाया कि 29 सितंबर 2026 को हल्ली उर्फ अश्विन गुर्जर, निवासी ग्राम पटेरी, ने उन पर लाठी से सिर पर हमला किया। उनका कहना है कि उन्होंने हाथ से बचाव किया, जिससे हाथ में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले में मामूली धाराओं में एफआईआर दर्ज की और घटना के संबंध में उनकी चोटों का सही उल्लेख नहीं किया।

सुरेश केवट ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष की ओर से राजीनामा करने का दबाव बनाया जा रहा है और परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने आवेदन में पुलिस पर उचित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जिससे उन्हें और उनके परिवार को खतरा है।

पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच, चोटों के अनुसार उचित धाराएं जोड़ने और आरोपी की गिरफ्तारी कराने की मांग की है।