शिवपुरी। आमोलपठा निवासी दीक्षा लोधी ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती आवेदन देकर अपने पति रविन्द्र लोधी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि पति पिछले करीब तीन महीने से घर नहीं आ रहे हैं, जबकि ससुराल में उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर घर से निकालने की धमकी दी जा रही है।
शिकायत में दीक्षा ने आरोप लगाया है कि पति उसे जबरन ‘Gaga’ जैसी डेटिंग एप्लीकेशन चलाने के लिए दबाव बनाते हैं और मना करने पर मारपीट व तलाक की धमकी देते हैं। महिला ने पति रविन्द्र लोधी, जेठ लोकेश लोधी सहित सोनू लोधी, रामदर्शन लोधी और विजय लोधी पर डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को ब्लैकमेल करने तथा खुद को पुलिस अधिकारी बताकर ऑनलाइन ठगी करने का आरोप लगाया है।
महिला का यह भी आरोप है कि कथित ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम उसकी जानकारी और सहमति के बिना उसके बैंक खाते में डलवाई जाती है। विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
दीक्षा ने SP से मामले की जांच कर घरेलू हिंसा, मारपीट, बैंक खाते के कथित दुरुपयोग और ऑनलाइन ठगी के आरोपों में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।





