,

तालाब में फिसला पैर, गहरे पानी में डूबे मंदिर के पुजारी; रामलखन शर्मा की मौत से ग्वालीपुरा में मातम / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के नगर परिषद वार्ड क्रमांक 12 स्थित ग्राम ग्वालीपुरा में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब पर शौच के लिए गए मंदिर के पुजारी की पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबने के कारण मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान रामलखन पिता नकटूराम शर्मा, उम्र करीब 50 वर्ष, निवासी ग्वालीपुरा के रूप में हुई है। बताया गया है कि रामलखन शर्मा मंदिर में पुजारी के रूप में सेवा करते थे। मंगलवार को वह तालाब की ओर गए थे, इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरे।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पोहरी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे ग्वालीपुरा में मातम पसरा हुआ है।