शिवपुरी। बीलबरा माता गांव के ग्रामीणों ने कलेक्टर को आवेदन देकर गणेश विसर्जन के दौरान विवाद और शासकीय तालाब व चरनोई भूमि पर कथित अतिक्रमण की शिकायत की है। ग्रामीणों का आरोप है कि 23 सितंबर की शाम वे खौदा के शासकीय तालाब में गणेश विसर्जन के लिए पहुंचे थे, लेकिन वहां मौजूद दौलत रावत ने उन्हें विसर्जन करने से रोक दिया। ग्रामीणों के अनुसार, विवाद के दौरान उन पर पत्थर और मिट्टी फेंकी गई तथा पुलिस बुलाकर उनके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शासकीय चरनोई भूमि और तालाब की तार फेंसिंग कर कब्जा किया गया है, जिससे पशुओं को चरने और पानी पीने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से कथित अतिक्रमण हटाकर शासकीय भूमि व तालाब को मुक्त कराने की मांग की है। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर धरना देने की चेतावनी दी है।





