शिवपुरी। कोलारस क्षेत्र के ग्राम इंदार में शराब दुकान के स्थानांतरण और शांतिधाम की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग को लेकर आदिवासी बस्ती की महिलाओं ने एक बार फिर कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन दिया है। महिलाओं का आरोप है कि स्कूल, मंदिर और आदिवासी बस्ती के नजदीक शराब दुकान संचालित होने से बच्चों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत में बताया गया कि शराब दुकान के पास हायर सेकेंडरी स्कूल, लालमाई माता मंदिर और आदिवासी बस्ती स्थित है। ग्रामीणों ने शराब दुकान के साथ मांस और अंडे की दुकानों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इससे स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी होती है। शराब पीकर विवाद और गाली-गलौज के कारण स्कूल का माहौल प्रभावित होने का भी आरोप लगाया गया है।
आदिवासी महिलाओं ने बताया कि 11 सितंबर 2026 को शराब दुकान के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया गया था। मौके पर कोलारस के अनुविभागीय अधिकारी पहुंचे थे और महिला समूह ने दुकान स्थानांतरित करने के लिए लिखित आवेदन दिया था। महिलाओं के मुताबिक अधिकारियों ने 15 दिन के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन निर्धारित अवधि के बाद भी दुकान स्थानांतरित नहीं हुई।
शराब दुकान को वर्तमान स्थान से हटाया जाए और शासकीय सर्वे नंबर 1559, 1560 एवं 1562 की शांतिधाम भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। शिकायत में मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी गई है।





