खनियाधाना। दिल्ली के सीलमपुर में श्री बालाजी फिटनेस जिम द्वारा आयोजित मिस्टर इंडिया पॉवर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में खनियाधाना के दो युवाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। युनुस कुरैशी ने 53 किलोग्राम और सलीम खान ने 63 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
दोनों खिलाड़ियों ने नगर परिषद द्वारा संचालित जिम में कोच प्रदीप कुमार परिहार के मार्गदर्शन में कड़ी मेहनत कर प्रतियोगिता की तैयारी की। उनकी सफलता से खनियाधाना सहित जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
खिलाड़ियों और स्थानीय युवाओं ने नगर परिषद से जिम में आधुनिक उपकरण, वेट मशीन, एक्सरसाइज बेल्ट सहित अन्य आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें।




