,

शासकीय भूमि की धोखाधड़ी में 3000 रुपए का इनामी आरोपी गिरफ्तार, फर्जी NGO सर्टिफिकेट से रजिस्ट्री कराने का आरोप / Shivpuri News

शिवपुरी। कोतवाली थाना पुलिस ने शासकीय भूमि की धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 3000 रुपए के इनामी आरोपी सीताराम गौड़ (52) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर फर्जी NGO सर्टिफिकेट के जरिए प्रशासन की भूमि को NGO के नाम रजिस्टर्ड कराने और बाद में उसे बेचकर धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट बनने के बाद उसे जिला जेल शिवपुरी भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 21 मार्च 2025 को पटवारी आनंद यादव ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर सीताराम गौड़ सहित विजय गौड़, कन्हैया गौड़, रवि गौड़, आनंदी गौड़, धन्नो गौड़, महादेवी गौड़, राजेश कुशवाह और रामनिवास रावत के खिलाफ अपराध क्रमांक 222/25 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले में पुलिस ने पूर्व में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि सीताराम गौड़ घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने 25 अगस्त 2026 को 3000 रुपए का इनाम घोषित किया था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति और नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में कोतवाली टीआई रोहित दुबे ने टीम गठित की। टीम ने कार्रवाई करते हुए 24 सितंबर को 26 नंबर कोठी के पीछे आरा मशीन के पास से फरार आरोपी सीताराम गौड़ को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने पर पुलिस ने उसे जिला जेल शिवपुरी दाखिल करा दिया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी रोहित दुबे, उपनिरीक्षक विवेक भट्ट, आरक्षक कुलदीप चतुर्वेदी, बृजेन्द्र रावत और मुकेश वर्मा की विशेष भूमिका रही।


संबंधित खबरें