शिवपुरी। करैरा थाना क्षेत्र के ग्राम जुझाई की रहने वाली उमा लोधी ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर अपने पति संजीव लोधी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। महिला ने पति पर करीब छह वर्षों से मारपीट, गाली-गलौज, मानसिक प्रताड़ना, घरेलू संपत्ति और नकदी हड़पने के साथ-साथ पहली पत्नी के रहते दूसरी महिला को पत्नी के रूप में साथ रखने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, उमा का विवाह संजीव लोधी से हुआ था और दोनों के दो बच्चे हैं। महिला का आरोप है कि पति पिछले करीब छह वर्षों से उसके और दोनों बच्चों के साथ मारपीट व गाली-गलौज करता आ रहा है। साथ ही परिवार की कृषि उपज और अन्य सामान बेचकर राशि स्वयं खर्च करने का आरोप भी लगाया गया है।
उमा ने आरोप लगाया कि पति ने घर में रखा गेहूं, मूंगफली की फसल, सोने की झुमकी, चांदी की पायलें, बकरियां और भैंसें बेच दीं। इसके अलावा घर में रखी करीब 80 हजार रुपये की नकदी भी अपने कब्जे में लेकर खर्च करने का आरोप लगाया गया है। महिला का कहना है कि इन परिस्थितियों के कारण उसके और बच्चों के सामने भोजन व दैनिक जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
उमा ने पति पर पहली पत्नी के जीवित रहते और बिना वैध तलाक के दूसरी महिला को पत्नी के रूप में साथ रखने का आरोप लगाया है। महिला ने दावा किया कि रजनी लोधी नाम की महिला को उसके पति द्वारा पत्नी के रूप में साथ रखा जा रहा है। शिकायत में रजनी के भी विवाहित होने और अपने पति से कानूनी तलाक नहीं होने की बात कही गई है।
उमा का आरोप है कि जब उसने पति के इन कथित कृत्यों का विरोध किया तो उसे और बच्चों को घर से निकालने तथा जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही पति द्वारा आत्महत्या करने और उसे व उसके परिवार को झूठे केस में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।




