शिवपुरी। करैरा विधायक रमेश प्रसाद खटीक के मगरौनी स्थित निजी निवास के बाहर 21 सितंबर की रात हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। विधायक के प्रतिनिधियों ने मगरौनी पुलिस चौकी में आवेदन देकर ग्राम बिलौनी के सरपंच बालकिशन जाटव सहित सुमन जाटव उर्फ शानू, दौलत सिंह, प्रदीप जादौन व अन्य लोगों पर घर के बाहर हंगामा, अभद्रता और कथित रूप से भ्रामक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के मुताबिक 21 सितंबर की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच कुछ लोग बिलौनी गांव की बिजली समस्या को लेकर विधायक के घर पहुंचे थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लोगों ने मुख्य गेट पर धक्का दिया और बिजली कनेक्शन तत्काल जोड़ने की मांग को लेकर हंगामा किया। शिकायत में कहा गया है कि विधायक ने रात का समय होने और गणेश विसर्जन की व्यवस्थाओं में बिजली विभाग के कर्मचारियों के व्यस्त होने का हवाला देते हुए सुबह अधिकारियों से चर्चा कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था।
इसके बावजूद विवाद बढ़ने और अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है। मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद और बढ़ गया। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि वायरल वीडियो में घटना को एकतरफा तरीके से प्रस्तुत किया गया और विधायक की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।
CCTV फुटेज को बनाया आधार
विधायक प्रतिनिधियों ने पुलिस को दी शिकायत के साथ निवास पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की पेन ड्राइव भी सौंपी है। शिकायत में दावा किया गया है कि CCTV रिकॉर्डिंग से घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है और विधायक द्वारा गाली-गलौज किए जाने के आरोपों की जांच की जा सकती है।
शिकायत में पूर्व विधायक प्रागीलाल जाटव द्वारा कथित तौर पर घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए जाने का भी उल्लेख किया गया है। समर्थको ने इसे राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा बताते हुए जांच की मांग की है।
नामजद लोगों पर कार्रवाई की मांग
समस्त विधायक प्रतिनिधियों की ओर से 24 सितंबर को दी गई शिकायत में पुलिस से CCTV फुटेज और वायरल वीडियो की जांच कर नामजद लोगों के खिलाफ उपद्रव, अभद्रता तथा कथित फर्जी वीडियो के संबंध में वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।





