,

नवाब साहब रोड के चौड़ीकरण को लेकर विधायक देवेंद्र जैन सक्रिय, पार्षद प्रदीप शर्मा की मांग पर PWD को लिखा पत्र / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के व्यस्त नवाब साहब रोड के चौड़ीकरण की मांग अब तेजी पकड़ती नजर आ रही है। वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद प्रदीप शर्मा ने सड़क की मौजूदा स्थिति और बढ़ते यातायात को देखते हुए विधायक देवेंद्र कुमार जैन को आवेदन सौंपकर करीब 800 मीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण एवं बीच में डिवाइडर निर्माण की मांग उठाई।

पार्षद की मांग पर विधायक देवेंद्र जैन ने तत्काल पहल करते हुए लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री को पत्र लिखकर नवाब साहब रोड के चौड़ीकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देशात्मक आग्रह किया है।

पार्षद प्रदीप शर्मा ने बताया कि नवाब साहब रोड की चौड़ाई कम होने के कारण यहां आए दिन जाम की स्थिति बनती है। इस मार्ग से करीब 70 गांवों का यातायात जुड़ा हुआ है और सड़क के दोनों ओर पर्याप्त स्थान भी उपलब्ध है। ऐसे में सड़क का चौड़ीकरण होने से यातायात व्यवस्था को राहत मिलने की उम्मीद है।

विधायक देवेंद्र जैन ने PWD को भेजे पत्र में कहा कि नवाब साहब रोड शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है और शहर को बायपास से जोड़ता है। आसपास के कई ग्रामों के लोग प्रतिदिन इस मार्ग से आवागमन करते हैं। मार्ग पर यातायात थाना और अजाक्स थाना भी स्थित हैं, जिससे इसका महत्व और बढ़ जाता है।

पार्षद ने उठाई मांग, विधायक ने PWD तक पहुंचाया मामला

अब नजर लोक निर्माण विभाग की आगामी कार्रवाई पर है। यदि सड़क का चौड़ीकरण और डिवाइडर निर्माण होता है तो शहर के इस व्यस्त मार्ग पर यातायात दबाव कम करने में मदद मिल सकती है।


संबंधित खबरें