,

JNV पनघटा की व्यवस्थाओं पर अभिभावकों ने उठाए सवाल, प्राचार्य पद रिक्त; पानी, पढ़ाई और भोजन की व्यवस्था सुधारने की मांग / Shivpuri News

शिवपुरी। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय पनघटा की शिक्षण व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को लेकर छात्रों के अभिभावकों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर 7 दिन के भीतर औचक निरीक्षण कराने की मांग की है। अभिभावकों का आरोप है कि प्राचार्य का पद रिक्त होने से विद्यालय प्रभारी प्राचार्य के भरोसे संचालित हो रहा है और इस सत्र में व्यवस्थाओं में गिरावट आई है।

शिकायत में पाठ्यक्रम समय पर पूरा नहीं होने, नियमित रूप से सभी कालखंड नहीं लगने, तेलुगु भाषा व कंप्यूटर शिक्षक की कमी, कुछ छात्रों को पूरी पुस्तकें नहीं मिलने तथा AI और कंप्यूटर कक्षाओं का संचालन प्रभावित होने की बात कही गई है। वहीं हॉस्टल और स्कूल परिसर में पेयजल व्यवस्था को लेकर भी शिकायत की गई है। अभिभावकों के अनुसार कई हैंडपंप और वाटर कूलर/फिल्टर बंद हैं।

अभिभावकों ने करीब एक माह पहले 50 प्रतिशत से अधिक छात्रों को उल्टी-दस्त होने का भी दावा किया है और पानी की जांच कराने की मांग की है। इसके अलावा मैस में भोजन की गुणवत्ता तथा अभिभावकों की बैठकों की जानकारी सभी पेरेंट्स तक नहीं पहुंचने की शिकायत भी आवेदन में की गई है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि समस्याओं की जानकारी प्राचार्य को मौखिक और लिखित रूप से कई बार देने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। अभिभावकों ने बच्चों में भय और असुरक्षा की भावना होने की बात कहते हुए कलेक्टर से स्वयं या किसी उच्च अधिकारी के माध्यम से विद्यालय का औचक निरीक्षण कराकर समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की है।


संबंधित खबरें