शिवपुरी। पोहरी थाना क्षेत्र के ग्राम सोसा निवासी होतम सिंह कुशवाह ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर ग्राम पिपरघार निवासी बसंता कुशवाह, पुत्र कैलाश कुशवाह, पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार 22 सितंबर की सुबह होतम सिंह निजी काम से ग्राम पिपरघार गया था। वहां उसकी मुलाकात बसंता कुशवाह से हुई, जिसने कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद से बचने के लिए होतम वहां से निकलकर गांव में ही आनंद कुशवाह के घर चला गया। आरोप है कि बसंता उसका पीछा करते हुए आनंद के घर पहुंचा और उसके साथ मारपीट कर चोटें पहुंचाईं। शिकायतकर्ता का दावा है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
होतम सिंह ने शिकायत में करीब दो साल पुराने 45 हजार रुपए के लेनदेन का भी उल्लेख किया है। उसका आरोप है कि उसने बसंता कुशवाह को यह रकम उधार दी थी, जिसे अब तक वापस नहीं किया गया।
शिकायतकर्ता ने भविष्य में किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए SP से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।





