आगर-मालवा। शिक्षा विभाग में अधिकारियों से कथित बदसलूकी, धमकी और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामलों में लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने बड़ी कार्रवाई की है। 18 सितंबर को जारी आदेश के तहत जिला परियोजना समन्वयक (DPC) महेश कुमार जाटव और पालखेड़ी स्कूल के प्राचार्य के.सी. मालवीय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
आदेश के मुताबिक, DPC महेश जाटव पर 12 सितंबर को जिला स्तरीय अधिकारियों और कलेक्टर के सामने अनुशासनहीन व्यवहार करने का आरोप है। वहीं 13 सितंबर को शिक्षकों को भड़काने, जिला शिक्षा अधिकारी के कक्ष में बिना अनुमति प्रवेश कर शासकीय कार्य में बाधा डालने और अधिकारियों को धमकी देने संबंधी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई।
प्राचार्य के.सी. मालवीय पर भी 13 सितंबर को DEO कार्यालय में ऊंची आवाज में अभद्र व्यवहार करने, घटना का वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप लगाया गया है। आदेश में बिना अवकाश जनसुनवाई में पहुंचने, आमरण अनशन व चक्काजाम से जुड़े पोस्टरों का प्रचार करने तथा अधिकारियों को आपत्तिजनक भाषा में पत्र लिखने का भी उल्लेख है।
निलंबन अवधि में DPC महेश जाटव का मुख्यालय देवास और प्राचार्य के.सी. मालवीय का मुख्यालय शाजापुर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय निर्धारित किया गया है। दोनों को नियमानुसार निलंबन अवधि में गुजारा भत्ता देय रहेगा।





