,

दिनारा में नकली DEF यूरिया बनाने का खुलासा, 13,200 लीटर कैमिकल जब्त; 9 लाख का प्लांट सील / Shivpuri News

शिवपुरी। दिनारा थाना पुलिस ने ग्राम आवास में भगवती ढाबा के पीछे स्थित एक गोदाम में कथित रूप से अवैध तरीके से वाहनों में इस्तेमाल होने वाला कैमिकल यूरिया (DEF) बनाने का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से करीब 13,200 लीटर तैयार कैमिकल यूरिया, जिसकी कीमत करीब 5.94 लाख रुपए बताई गई है, बरामद किया। इसके साथ ही करीब 9 लाख रुपए कीमत की मिक्सर मशीन, फिल्टर प्लांट और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह कुशवाहा पुलिस बल के साथ गोदाम पहुंचे थे। मौके पर 26 प्लास्टिक टंकियां, मिक्सर मशीन और फिल्टर प्लांट मिला। इनमें से 24 टंकियों में अलग-अलग मात्रा में कैमिकल यूरिया भरा हुआ था, जबकि दो टंकियां खाली थीं। कार्रवाई के दौरान 45 किलो टेक्निकल ग्रेड यूरिया, करीब 25 किलो सफेद पाउडर, अलग-अलग बाल्टियों में भरे लिक्विड और काले पाउडर के नमूने भी लिए गए।

पुलिस का आरोप है कि गोदाम संचालक आनंद यादव (40), निवासी ग्राम आवास के पास कैमिकल यूरिया (DEF) के निर्माण और बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं था। पूछताछ में उसके द्वारा यूरिया, पानी और अन्य कैमिकल मिलाकर DEF तैयार करने तथा उसे कंपनी के कैमिकल यूरिया के रूप में वाहनों में बेचने की बात बताई गई है। पुलिस ने तैयार कैमिकल और निर्माण में इस्तेमाल मशीनरी को जब्त कर गोदाम को मौके पर ही सील कर दिया। मामले में BNS की धारा 318(1), 280 और 125(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।


संबंधित खबरें