शिवपुरी। जिले के गोपालपुर थाना पुलिस ने बकरी चोरी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई 8 बकरियां बरामद की हैं। बरामद बकरियों की कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को पाडरखेड़ा निवासी शिवचरण आदिवासी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जंगल से उसकी 26 बकरियां चोरी हो गई हैं। मामले में अपराध क्रमांक 34/26 धारा 303(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। जांच के दौरान 11 जुलाई को छोटू गोस्वामी और रवि उर्फ विनोद गोस्वामी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 18 बकरियां बरामद की गई थीं। पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर अपने भाई दशरथ गोस्वामी और गणेश गोस्वामी के साथ मिलकर बकरियां चोरी करना बताया था।
पुलिस के मुताबिक, फरार दोनों आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही थी। तकनीकी सहायता और पुलिस टीम के प्रयासों से 17 सितंबर को दशरथ गोस्वामी (28) और गणेश गोस्वामी (31), दोनों निवासी ऊंची बरौद, थाना बैराड़, को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से शेष 8 बकरियां बरामद कर फरियादी शिवचरण को सुपुर्दगी में दे दी गईं। कार्रवाई में थाना प्रभारी राधेश्याम शिवहरे सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।





