Press "Enter" to skip to content

वेयर हाउस के पीछे मिला युवक का अर्द्धनग्न शव, हत्या की आशंका; पेट-छाती पर धारदार हथियार के निशान / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के सुरवाया थाना क्षेत्र में करई डांडा के पास गुरुवार देर रात वेयर हाउस के पीछे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव अर्द्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। मृतक के पेट और छाती पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस को मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार सुरवाया पुलिस को गुरुवार देर रात सूचना मिली थी कि करई डांडा स्थित वेयर हाउस के पीछे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान युवक का शव अर्द्धनग्न अवस्था में मिला। मृतक ने शर्ट नहीं पहन रखी थी, जबकि शरीर पर सफेद रंग का लोअर था। लोअर की तलाशी लेने पर ऐसा कोई सामान नहीं मिला, जिससे मृतक की पहचान हो सके।

पुलिस को मृतक के पेट और छाती पर धारदार हथियार से काटे जाने के निशान मिले हैं। पुलिस के मुताबिक एक वार इतना गहरा था कि धारदार हथियार पेट के अंदर तक घुसा हुआ प्रतीत होता है। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि इसी गंभीर चोट के कारण युवक की मौत हुई होगी।

घटनास्थल और शव मिलने की जगह अलग होने की आशंका

सुरवाया थाना प्रभारी प्रियंका पारासर के अनुसार जिस स्थान पर युवक का शव मिला है, उससे कुछ दूरी पर घटना स्थल होने की संभावना है। आशंका है कि घटना के दौरान मृतक और हमलावरों के बीच संघर्ष हुआ होगा और बाद में शव को वहां लाकर फेंक दिया गया। दूसरी संभावना यह भी है कि युवक हमलावरों से बचकर भागा हो और घटनास्थल से कुछ दूर पहुंचकर गिर गया हो, जहां उसकी मौत हो गई।

दो से तीन दिन पुराना है शव

पुलिस के अनुसार शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसकी शिनाख्त करना है। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल सुरवाया थाना क्षेत्र के साथ ही जिले में किसी युवक की गुमशुदगी की ऐसी सूचना सामने नहीं आई है, जिससे मृतक की पहचान हो सके।

पुलिस अब आसपास के जिलों में भी गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके। साथ ही पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आएगा मौत का कारण

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस हत्या सहित अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!