शिवपुरी। जिले के नरवर में शराब कंपनी के कर्मचारी पंकज राय की गोली मारकर हत्या के मामले में अब मृतक के भाई ने आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियार व वाहन जब्त करने की मांग उठाई है। मृतक के भाई हर्षित राय निवासी डबरा ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर बांबी राय और अंकित ठाकुर पर हत्या का आरोप लगाते हुए दोनों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक हर्षित राय ने बताया कि उसका भाई पंकज राय नरवर की शराब कंपनी में काम करता था। उसके साथ बांबी राय और अंकित ठाकुर भी काम करते थे। 18 अगस्त को धर्मेन्द्र राय उर्फ राहुल राय ने फोन कर सूचना दी कि शराब के ठेके के बाहर बोलेरो कार में पंकज को गोली मार दी गई है। इसके बाद घटना की सूचना नरवर थाना पुलिस को दी गई
मृतक के भाई का आरोप है कि घटना के बाद से वह थाना प्रभारी से लगातार संपर्क कर रहा है, लेकिन उसे मामले की कार्रवाई के संबंध में जानकारी नहीं दी गई। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि बांबी राय और अंकित ठाकुर की गिरफ्तारी नहीं हुई है तथा कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और बोलेरो वाहन भी जब्त नहीं किए गए हैं।
हर्षित राय ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों के रिश्तेदारों और अन्य लोगों के माध्यम से उसके परिवार पर राजीनामा करने तथा नाम हटवाने का दबाव बनाया जा रहा है। आवेदन के मुताबिक धमकी दी जा रही है कि यदि राजीनामा नहीं किया तो पंकज जैसा ही हाल दोनों भाइयों का कर दिया जाएगा। हर्षित ने दावा किया है कि बांबी राय झांसी में और अंकित ठाकुर पिछोर में रिश्तेदारों के यहां छिपे हुए हैं।
मृतक के भाई ने पुलिस अधीक्षक से मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने, कथित हत्या में इस्तेमाल पिस्टल और बोलेरो वाहन जब्त करने तथा अपने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।







Be First to Comment