शिवपुरी। जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम बनोटा में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद के बाद पिता-पुत्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि घर के बाहर पहुंचे आरोपियों ने पहले 50 वर्षीय दशरथ लोधी के साथ डंडे से मारपीट की। पिता को बचाने आए बेटे सुरेंद्र लोधी पर भी लाठी और लोहे की छड़ से हमला कर दिया गया। हमले में दोनों घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार दशरथ लोधी पुत्र राजाराम लोधी, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम बनोटा, 5 अगस्त की रात करीब 11 बजे अपने घर के बाहर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के रामजतीलाल लोधी और हेमंत लोधी वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगे।
दशरथ ने गाली देने से मना किया तो आरोप है कि दोनों ने डंडे से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में उनकी पीठ और दाहिने हाथ में चोटें आईं। पिता के साथ मारपीट होते देख उनका बेटा सुरेंद्र लोधी बचाने पहुंचा।
FIR के मुताबिक इसी दौरान राजपाल लोधी और मुलायम लोधी भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि चारों ने मिलकर सुरेंद्र के साथ डंडे और लोहे की छड़ से मारपीट की। हमले में सुरेंद्र के सिर के बायीं तरफ चोट लगने से खून निकल आया, जबकि बायें हाथ की कलाई और दाहिने हाथ की उंगलियों में भी चोटें आईं।
घटना के दौरान छोटू लोधी और अमर सिंह लोधी के मौके पर मौजूद होने तथा उनके द्वारा बीच-बचाव करने की बात रिपोर्ट में कही गई है। फरियादी का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने रिपोर्ट करने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
पुलिस ने फरियादी की शिकायत के आधार पर मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।







Be First to Comment