शिवपुरी। शहर की शंकर कॉलोनी निवासी नीता सिंघल ने अपनी रजिस्ट्रीशुदा भूमि पर निर्माण कार्य में पड़ोसियों द्वारा कथित रूप से बाधा डालने की शिकायत कलेक्टर जनसुनवाई में की है। महिला का आरोप है कि पड़ोसी महिला जोया जाफरी और उसके साथ 4-5 अन्य लोगों द्वारा उसे अपनी जमीन पर दीवार बनाने से रोका जा रहा है।
शिकायत के मुताबिक नीता सिंघल की करीब 15×60 फीट की रजिस्ट्रीशुदा भूमि है, जिस पर वह मकान के हॉल का निर्माण/विस्तार करा रही हैं। महिला का कहना है कि मामले को लेकर वह पूर्व में पुलिस अधीक्षक, तहसीलदार, पटवारी और थाना प्रभारी को शिकायत कर चुकी हैं तथा मौके का निरीक्षण भी किया जा चुका है।
महिला ने अपनी शिकायत में अपनी और पड़ोसी की रजिस्ट्री के साथ संबंधित नक्शा प्रस्तुत कर भूमि की सीमा और स्वामित्व की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही उसने Adm दिनेश शुक्ला पर कथित रूप से हस्तक्षेप करने और अधिकारियों पर दबाव बनाकर उसके खिलाफ कार्रवाई कराने का प्रयास करने का आरोप लगाया है।
महिला ने यह भी बताया कि पूर्व में उसके साथ मारपीट की घटना हो चुकी है, जिसकी शिकायत थाना कोतवाली में की गई थी। ऐसे में उसने खुद और परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
कलेक्टर से महिला ने राजस्व रिकॉर्ड और मौके की स्थिति का मिलान कर वास्तविक सीमा तय कराने, अवैध कब्जा रोकने, निर्माण में बाधा डालने वालों पर कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।







Be First to Comment