Press "Enter" to skip to content

लाठी-कुल्हाड़ी से हमला, सिर में 5-6 टांके; वीडियो देने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं, बैराड़ में परिवार ने SP से लगाई गुहार / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के ग्राम फूलीपुरा निवासी ठकुरीलाल जाटव ने पुरानी रंजिश में परिवार पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि घटना का वीडियो भी उसके पास है, जिसे वह 21 अगस्त को थाने में पेनड्राइव के जरिए दे चुका है, इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक 3 अगस्त की सुबह करीब 7:30 बजे ठकुरीलाल की पत्नी ममता घर के पास गोबर डालने गई थीं। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और पत्थरों से हमला कर दिया। ठकुरीलाल, उसकी पत्नी और दोनों बेटों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। वीडियो बनाने पर मोबाइल छीनने का प्रयास भी किया गया।

पीड़ित के अनुसार डायल-112 की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। बैराड़ थाने में FIR दर्ज हुई, लेकिन शिकायतकर्ता का आरोप है कि घटना में शामिल सभी लोगों के नाम FIR में नहीं जोड़े गए और केवल पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

ठकुरीलाल ने बताया कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण 5-6 टांके आए और परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आईं। उसने आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रभाव के चलते उसके खिलाफ भी झूठा मामला दर्ज कराया गया है।

पीड़ित का दावा है कि वह 4 और 11 अगस्त को भी SP कार्यालय में शिकायत दे चुका है। अब उसने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, FIR में बाकी नाम जोड़ने, कथित झूठे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और परिवार की जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!