Press "Enter" to skip to content

स्कूल के चारों ओर पानी का सैलाब, भैंसें तैरती दिखीं; आदिवासी बस्ती में सड़क और निकासी के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीण / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले की ग्राम पंचायत मोहनगढ़ के ग्राम बीची मोहनगढ़ के मजरा दुर्गापुरी स्थित आदिवासी बस्ती की बदहाल तस्वीर सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि बस्ती में न तो आने-जाने के लिए ठीक सड़क है और न ही बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था। हालात इतने खराब हैं कि शासकीय माध्यमिक स्कूल के आसपास पानी भर गया है और ग्रामीणों के मुताबिक उसमें भैंसें तक तैरती नजर आ रही हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती से शिवपुरी आने-जाने वाला मुख्य रास्ता बारिश के बाद कीचड़ में तब्दील हो गया है। इसके चलते ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। सबसे गंभीर स्थिति गर्भवती महिलाओं और मरीजों को लेकर बताई गई है। आरोप है कि खराब रास्ते के कारण एंबुलेंस तक बस्ती में नहीं पहुंच पा रही है।

वहीं, गांव के शासकीय माध्यमिक स्कूल के चारों तरफ बारिश का पानी जमा होने की शिकायत की गई है। ग्रामीणों का दावा है कि पानी इतना अधिक है कि उसमें भैंसें तैर रही हैं। ग्रामीणों ने इस स्थिति का वीडियो भी होने की बात कही है, जिसे जरूरत पड़ने पर अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करने की बात कही गई है।


ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के सरपंच राजाराम परिहार पर समस्याओं की शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। आवेदन में सरपंच पर शराब और पैसे का आदी होने का आरोप भी लगाया गया है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत की गरीब जनता को शासन की योजनाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से बस्ती तक सीसी रोड निर्माण, स्कूल के आसपास जमा बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था कराने तथा पंचायत के सरपंच की शिकायत की जांच कर पात्र ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!