Press "Enter" to skip to content

पिछोर में प्रतिभाओं का महाकुंभ: 4 हजार से ज्यादा मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, स्मृति पांडे को मिला गोल्ड मेडल / Shivpuri News

शिवकांत सोनी खनियांधाना। शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पिछोर के छत्रसाल स्टेडियम में मध्य प्रदेश के बड़े छात्र-छात्रा प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री भैया साहब लोधी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

समारोह में खनियांधाना की मेधावी बेटी स्मृति पांडे विशेष आकर्षण रहीं। स्मृति ने कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में मध्य प्रदेश की टॉप-10 सूची में 9वां स्थान हासिल कर जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया था। उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) देकर सम्मानित किया गया। स्मृति के मार्गदर्शक शिक्षक सतीश रजक, सनराइज एजुकेशन एकेडमी खनियांधाना, तथा उनके माता-पिता को भी स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

वहीं शिवपुरी जिले में टॉप करने वाली पिछोर की छात्रा अंजली गुप्ता को भी उनके माता-पिता के साथ स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया।

300 विद्यार्थियों को सिल्वर, 4000 को कांस्य पदक

पिछोर विधानसभा क्षेत्र में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले करीब 300 छात्र-छात्राओं को चांदी के मेडल देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ए-ग्रेड से उत्तीर्ण करीब 4000 विद्यार्थियों को कांस्य पदक और सम्मान पत्र प्रदान किए गए।

शिक्षकों और अभिभावकों को भी सम्मान

समारोह में विद्यार्थियों की सफलता के पीछे महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिक्षकों और अभिभावकों के योगदान को भी सम्मान दिया गया। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

आयोजकों के अनुसार, इतने बड़े स्तर पर विद्यार्थियों और प्रतिभाओं का सम्मान क्षेत्र के युवाओं में शिक्षा के प्रति उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक मौजूद रहे।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!