शिवपुरी। जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के बामौरखुर्द गांव में कुएं में करंट डालने के विरोध को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुएं में डाले गए करंट के तारों का विरोध करने पर पड़ोसी ने एक महिला को धक्का देकर कुएं में गिरा दिया। हादसे में रामदेवी अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें कुएं से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
महिला के पति रामेश्वर अहिरवार के मुताबिक, उर परियोजना के कारण उनकी पुरानी जमीन डूब क्षेत्र में चली गई थी, जिसके बाद करीब दो साल पहले उन्होंने बामौरखुर्द में जमीन खरीदकर परिवार के साथ रहना शुरू किया। उनकी जमीन पर बना कुआं परिवार के पानी का मुख्य स्रोत है। आरोप है कि पड़ोसी गोविंद कुएं पर कब्जा करना चाहता है और इससे पहले भी कई बार कुएं में करंट के तार डाले जा चुके हैं। 21 अगस्त को रामदेवी पानी भरने कुएं पर पहुंचीं और उन्होंने करंट के तार डालने का विरोध किया, जिस पर विवाद हुआ और आरोप है कि गोविंद ने उन्हें कुएं में धक्का दे दिया।
रामदेवी के कुएं में गिरने के बाद उनके पति के शोर मचाने पर चाचा अर्जुन और ग्यासी अहिरवार मौके पर पहुंचे और महिला को बाहर निकाला। परिजनों के अनुसार, उस समय रामदेवी बेहोशी की हालत में थीं। घटना के बाद महिला ने खनियाधाना थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी गोविंद परिहार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कुएं में करंट के तार डालने, महिला को धक्का देने और पूरे विवाद की वजह से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।







Be First to Comment