शिवपुरी। जिले के करैरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिल्लारपुर में राशन वितरण को लेकर विवाद सामने आया है। गांव के निवासी नीरज केवट ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में सरपंच अरविंद लोधी, उसके पिता प्रकाश लोधी समेत पांच लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। नीरज के मुताबिक, 20 अगस्त की शाम राशन वितरण को लेकर सवाल करने पर विवाद हुआ और उसके साथ डंडों व लात-घूंसों से मारपीट की गई।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसकी करीब दो से ढाई लाख रुपये कीमत की सोने की चेन छीन ली गई, जबकि घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग होने के कारण उसका वनप्लस मोबाइल भी तोड़ दिया गया। नीरज के अनुसार, मारपीट में उसके शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं और मौके पर मौजूद उसकी मां, चाची व एक अन्य व्यक्ति ने बीच-बचाव किया। आरोप है कि जाते समय उसे राशन वितरण को लेकर दोबारा शिकायत करने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी गई।
नीरज का आरोप है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने वह करैरा थाने पहुंचा, लेकिन उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई और एनसीआर दर्ज कर मेडिकल के लिए भेज दिया गया। साथ ही उसने दावा किया कि राजनीतिक प्रभाव के चलते उसके खिलाफ अपराध दर्ज कर दिया गया। पीड़ित ने एसपी से घटना की निष्पक्ष जांच कर उसकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने, अपने खिलाफ दर्ज मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।







Be First to Comment