शिवपुरी। भवन निर्माण के लिए सरिया खरीदने के नाम पर 90 हजार लेने के बाद पूरा माल नहीं देने और पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पोहरी निवासी अभिषेक कुशवाहा ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर रतनेश उर्फ होलू शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार, अभिषेक ने 3 जुलाई 2026 को 24 क्विंटल सरिया खरीदने के लिए रतनेश उर्फ होलू शर्मा को गवाहों के सामने 90 हजार नगद दिए थे। आरोप है कि भुगतान लेने के बाद उसे केवल 11 क्विंटल सरिया ही दिया गया। शेष सरिया देने या बाकी रकम वापस करने के लिए कहने पर आरोपी कथित तौर पर लगातार टालमटोल करता रहा। पीड़ित का कहना है कि उसने मकान निर्माण के लिए कर्ज लेकर रकम जुटाई थी।
अभिषेक ने आरोप लगाया कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो उसे शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने कथित तौर पर यह कहते हुए पैसे देने से इनकार कर दिया कि कोतवाली में शिकायत कर दो, वह पैसे नहीं देगा। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शेष रकम दिलाने और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।







Be First to Comment