शिवपुरी। करैरा तहसील के ग्राम सिलानगर निवासी फूलसिंह कुशवाह ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर ग्राम पंचायत सरपंच गीता कुशवाह और उनके पति सालिकराम कुशवाह समेत अन्य लोगों पर चुनावी रंजिश के चलते झूठी शिकायतें करने का आरोप लगाया है। फूलसिंह का कहना है कि उसे गांव से बेदखल करने और मकान तुड़वाने के लिए तहसील करैरा व अमोला थाने में गलत तथ्यों के आधार पर शिकायतें की गई हैं।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह वर्षों से आबादी की जमीन पर मकान बनाकर रह रहा है और उसने कोई अवैध अतिक्रमण नहीं किया है। आरोप है कि अतिक्रमण को लेकर सवाल करने पर उसके और परिवार की महिलाओं के साथ मारपीट की गई तथा थाने में भी झूठी शिकायतें की गईं। फूलसिंह ने संबंधित लोगों पर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर मकान बनाने का आरोप लगाते हुए इसकी भी जांच कराने की मांग की है।
फूलसिंह ने शिकायत में खुद और परिवार को जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाते हुए जानमाल की सुरक्षा की मांग की है। साथ ही भविष्य में किसी घटना के लिए संबंधित लोगों को जिम्मेदार मानने की बात कही है। शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर झूठी शिकायतों को निरस्त करने और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।





